धारचूला (पिथौरागढ़)। तहसील प्रशासन के आह्वान पर सोमवार को यहां निकली बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ रैली में तमाम लोगों ने भाग लिया। कहा गया कि बेटियों को जन्म लेने से न रोका जाए और उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न पहुंचाई जाए। उपजिलाधिकारी आरके पांडे ने कहा कि अब बेटियों के प्रति लोगों की धारणा में काफी बदलाव आ गया है। फिर भी समाज को लगातार जागरूक रखने की जरूरत है।
एसडीएम ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को चाहिए कि वह बेटियों पर होने वाले अत्याचार को रोकने के लिए आगे आएं और बेटियों को पढ़ाई के लिए पूरा माहौल दें। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों से अपील की कि वह कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए आगे आएं। यदि कहीं पर इस तरह का मामला प्रकाश में आए तो तत्काल प्रशासन को जानकारी दें। बेटियों को सही शिक्षा दिलाने के लिए प्रशासन पूरे प्रयास कर रहा है। रैली में तहसीलदार आईबी मल्ल, बीडीओ एलएम जोशी, बाल विकास अधिकारी चंद्रप्रभा रायपा, जल विद्युत निगम के एचके पंत, भूपेंद्र राम, गुमान वर्मा, आभा पोखरियाल, कला गर्ब्याल, गायत्री कुटियाल, उषा कुटियाल के अलावा राजकीय कन्या इंटर कालेज, प्राथमिक विद्यालय कुटी के विद्यार्थी शामिल हुए।