पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा में हेलीकाप्टर सेवा का सहारा लेने के बयान पर पोनी-पोटर्स भड़क गए हैं। उन्होंने कहा है कि गुंजी जाकर हेली सेवा का विरोध किया जाएगा।
पोनी-पोटर्स संगठन की कोर ग्रुप की बैठक प्रदेश अध्यक्ष जगत मर्तोलिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यात्रा शुरू होने में अभी डेढ़ माह बाकी है लेकिन हेली सेवा संबंधी बयान से लोनिवि लोनिवि पैदल मार्ग को ठीक करने का काम छोड़ देगा। कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग से यात्रियों के साथ ही सेना के जवान, तिब्बती व्यापारी, व्यास घाटी के लोग भी जाते हैं। मर्तोलिया ने कहा कि यदि लोनिवि पैदल रास्ते को नहीं बना पाती है तो उससे काम वापस लेकर किसी अन्य केंद्रीय एजेंसी के सुपुर्द किया जाना चाहिए। कहा कि पिछले वर्ष लोनिवि एडीबी से पैदल मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए 23 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जिला प्रशासन को इसकी सीबीआई जांच के लिए पत्र लिखना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि हेली सेवा का उपयोग होने से मजदूरों के लिए भी संकट खड़ा हो जाएगा। बैठक में हरीश वर्मा, मनोहर धामी, दलीप राम, लालू बिष्ट, हर सिंह, माखन राम, सुंदर नबियाल, शेखर गर्ब्याल, नंदन सिंह, रतन गुंज्याल आदि मौजूद रहे। ब्यूरो