मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के लोगों ने मदकोट-उच्छैती मार्ग से हो रहे नुकसान का मामला एसडीएम के सामने उठाया है। फाफा के प्रधान कुंवर सिंह कुंवर के नेतृत्व में एसडीएम केएन गोस्वामी से मिले गोरीपार क्षेत्र के लोगों ने सड़क के अधूरे काम पर रोष जताया।
ग्रामीणों ने कहा कि उक्त मार्ग पर ग्राम बसंतकोट, बोथी, फाफा और जौलढुंगा में स्क्रबरों का अधूरा निर्माण किया गया है। जगह-जगह खुदान और दीवारबंदी न होने से लोगों के मकानों, खेतों में मलबा आने से काफी नुकसान हुआ है। मार्ग पर पार्ट दो का कार्य लगभग बंद है। ग्राम फाफा, जौलढुंगा में धरम सिंह, तेज सिंह, केशर सिंह, प्रेम सिंह, हयात सिंह, पुष्कर सिंह, हयात सिंह, पपेंद्र सिंह के मकान जमीन धंसने के कारण खतरे की जद में आ गए हैं, जिसकी सूचना लोनिवि को कई बार देने के बावजूद सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए हैं।
प्रधान कुंवर ने मार्ग निर्माण से हो रहे नुकसान की शीघ्र जांच कराकर, नुकसान की भरपाई और सुरक्षात्मक कार्य करवाने की मांग की है। एसडीएम ने कहा कि इस संबंध में लोनिवि के अधिकारियों से शीघ्र वार्ता कर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। सुरक्षा के उपाय कराए जाएंगे।