डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर में गंदे पानी की सप्लाई से लोगों में जल संस्थान के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का आरोप है कि संस्थान पानी को बगैर फिल्टर किए उपभोक्ताओं को सप्लाई कर रहा है।
डीडीहाट में पिछले कुछ दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। मटमैले रंग के पानी के साथ सड़े-गले पत्ते लोगों के नलों में आ रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण पानी में मिट्टी घुल गई है। मटमैले पानी की सप्लाई से जल संस्थान के फिल्ट्रेशन की भी पोल खुल गई है। मेन टंकियों में पानी को फिल्टर किए बगैर ही उपभोक्ताओं को आपूर्ति कर दी जा रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि डीडीहाट को सप्लाई होने वाले पानी में फिल्ट्रेशन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। दूषित पानी की सप्लाई से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने फिल्ट्रेशन व्यवस्था को दुरुस्त कर साफ और स्वच्छ पानी की सप्लाई करने की मांग की है। उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विलाल यूनुस कहते हैं कि बारिश होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। टंकियों में रोजाना क्लोरीन और ब्लीचिंग पाउडर डाला जा रहा है।