पिथौरागढ़/मुनस्यारी। सीमांत क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है। जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में शाम को झमाझम बारिश हुई, वहीं मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। बारिश और हिमपात से एक बार फिर से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
सीमांत क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह थोड़ी देर के लिए धूप निकली। बाद में बादल छाने लगे। शाम को चार बजे बाद तेज गरज और चमक के बीच बारिश शुरू हुई। झमाझम हुई बारिश से एक बार फिर से क्षेत्र में ठंड लौट आई है। बारिश के चलते बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर मुनस्यारी की ऊंची चोटियों हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, नाग्निधुरा चोटियों पर फिर से हिमपात होने से निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शाम के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इस दौरान जिला मुख्यालय सहित कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ भी चला।