डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर की सबसे व्यस्त तहसील जाने वाली सड़क पर रोज लगने वाले जाम से आम लोग परेशान हैं। इस सड़क पर कब जाम लग जाए कहा नहीं जा सकता। जाम से मुक्ति के लिए अब तक पुलिस कोई रास्ता नहीं निकाल पाई है।
गांधी चौक से तहसील तिराहे तक की सड़क पर रोजाना सुबह, शाम और दिन के समय जाम लगने से पैदल चलने वालों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, व्यापारियों, कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकारी कार्यालयों और स्कूलों को जाने के लिए यही प्रमुख सड़क है। सड़क की चौड़ाई कम होने से अक्सर जाम की नौबत आ जाती है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण कई बार इस सड़क पर एकतरफा वाहन संचालन की व्यवस्था की गई, लेकिन यह व्यवस्था ज्यादा दिन नहीं चल पाई।
स्थानीय लोगों की मांग है कि रोज लगने वाले जाम का कोई समाधान निकाला जाए और तेज गति से चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर अंकुश लगाया जाए। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार कहना है कि इस सड़क पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के लिए शीघ्र ही प्रशासन के साथ बैठक की जाएगी और रोज लगने वाले जाम से मुक्ति के लिए रास्ता निकाला जाएगा।