प्राथमिक शिक्षा आयोग का गठन किया जाए
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। प्राथमिक शिक्षा की बदहाल स्थिति से शिक्षक भी चिंतित हैं। बृहस्पतिवार को यहां हुई प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में कहा गया कि प्राथमिक शिक्षा की दशा सुधारने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोग का गठन किया जाए। संगठन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि सरकार ने प्राथमिक शिक्षकों को अंशदायी पेंशन योजना में शामिल कर दिया है। इसका विरोध किया जाएगा। साथ ही यह मांग की जाएगी कि पेंशन की पुरानी व्यवस्था को लागू किया जाए।
विद्यालयों के कोटिकरण में बरती गई मनमानी, वेतन विसंगति, पदोन्नति, चयन वेतनमान जैसे मसलों पर लगातार विभाग और सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। यदि कोई शिक्षक अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहे तो ब्लॉक कार्यकारिणी को अपना पत्र दे सकता है। शिक्षकों के लिए लागू किए जा रहे ड्रेस कोड का स्वागत किया गया और सभी शिक्षकों के लिए एक समान ड्रेस लागू करने की मांग की गई।
बाद में शिक्षकों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र और प्राथमिक विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। बैठक का संचालन जिला मंत्री जेपी वर्मा ने किया। इस दौरान बेड़ीनाग ब्लॉक अध्यक्ष पंकज पंत, ब्लॉक मंत्री हिमांशु उपाध्याय, धीरेंद्र पंत, पीएल वर्मा, ललित बसेड़ा, प्रमोद जोशी, अशोक खड़ायत आदि शिक्षक मौजूद थे।