हर जॉबकार्डधारक को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराएं
पिथौरागढ़। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि मनरेगा में जॉबकार्डधारक हर व्यक्ति को वर्ष में 100 दिन का रोजगार अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं सतर्कता समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि फसलों को नुकसान पहुंचा रहे बंदरों को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान जानकारी में आया कि जिले में कुल 76850 जॉबकार्डधारक हैं। मार्च तक इनमें से 45267 लोगों ने काम की मांग की। इनमें से 43154 लोगों को काम दिया जा चुका है। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में कहा गया कि जिले में वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन, पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत पूरी धनराशि शासन से मिल गई है और इसका शत-प्रतिशत वितरण कर दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिले को अब तक धनराशि नहीं मिल पाई है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 320 आवेदन मिले। इनमें से 222 शौचालयों का निर्माण कर दिया गया है।
सर्व शिक्षा, मध्यान्ह भोजन योजना में भी धनराशि मिल गई है। उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में सेब उत्पादन की योजना बनाएं। डीएफओ से बंदरों को पकड़ने के आदेश दिए। जिले में बीएसएनएल की लचर सेवाओं पर मंत्री ने नाराजगी और तत्काल सेवा सुधारने को कहा। टम्टा ने आंवलाघाट पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण जल्दी पूरा करने को कहा। इसके लिए केंद्र सरकार से धनराशि जारी कर दी गई है। बिजली के झूलते तारों को तत्काल ठीक करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।
बैठक में डीएम सी रविशंकर, सीडीओ आशीष चौहान, गंगोलीहाट की विधायक मीना गंगोला, डीएफओ विनय भार्गव, एडीएम मोहम्मद नासिर समेत सभी विभागों के अधिकारी थे। बैठक के बाद टम्टा चौकोड़ी को रवाना हो गए।