पिथौरागढ़। बाराबीसी क्षेत्र का गुल्टा गांव (बमडोली) के तीन परिवारों को बिजली मिल गई है। पिता-पुत्रों के इन परिवारों को बिजली दिलाने में सज्जन लाल मेमोरियल सोसायटी का अहम योगदान रहा है।
गुल्टा गांव में लालू राम के पूर्वजों का परिवार वर्ष 1946 से रह रहा था। लालू राम के बाद उनके पुत्र मोहन राम अकेले ही अपने परिवार के साथ गांव में रहने लगे। वर्तमान में मोहन राम के पुत्र राजेंद्र राम और पूरन राम ने गांव में अलग मकान बनवाया। पिता-पुत्रों के तीन मकान इस गांव में हैं।
बिजली नहीं होने के कारण यह लोग मिट्टी के तेल के लैंप और मोमबत्ती के सहारे रोशनी कर रहे थे। कई साल पहले सरकार की ओर से सोलर लाइट मिली, जो खराब हो गई। मोबाइल चार्ज करने तक के लिए इन लोगों को अन्य गांवों में जाना पड़ता था। पिता-पुत्रों का यह परिवार विद्युतीकरण की मांग करते-करते थक गया, लेकिन बिजली नहीं मिल पाई।
सोसायटी अध्यक्ष कमल किशोर बताते हैं कि 3 जून 2018 को सोसायटी में हुए एक कार्यक्रम में ऊधमसिंह नगर में कार्यरत यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता नवीन टोलिया आए थे। उनके सामने इन परिवारों के पास बिजली न होने का मामला उठाया। टोलिया की पहल से 21 नवंबर को इन तीन परिवारों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के तहत कनेक्शन मिल गए हैं।
गुल्टा गांव में एक सप्ताह पहले ही बिजली की लाइन आई है। सोसायटी अध्यक्ष ने कहा कि इन परिवारों को बिजली देने का मामले में जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार और बिजली विभाग के अवर अभियंता भीम आर्या ने भी प्रयास किए। उन्होंने सभी का आभार जताया है।