पिथौरागढ़। बलुवाकोट क्षेत्र में सिलिंडरों में कम गैस निकलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सिलिंडरों का वजन सही नहीं किया गया तो वह गैस एजेंसी के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
क्षेत्र में धारचूला गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को सिलिंडरों उपलब्ध कराए जाते हैं। उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने के लिए 10-15 दिन में वाहन आता है। बुधवार को क्षेत्र में गैस बांटी गई। उपभोक्ताओं ने जब सिलिंडरों का वजन कराया तो उनमें दो से तीन किलो तक गैस कम निकली। इस पर लोगों का पारा चढ़ गया।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र बिष्ट, विनोद फिरमाल, दौलत राम, पद्म जोशी आदि ने कहा कि उपभोक्ताओं से ठगी की जा रही है। गैस एजेंसी में जब इस संबंध में पूछा गया तो वहां तैनात कर्मचारी का कहना था कि उपभोक्ताओं को सिलिंडरों तुलवा कर लेना चाहिए। बिष्ट ने बताया कि यदि सिलिंडरों से घटतौली नहीं रुकी तो वह लोगों को साथ लेकर आंदोलन करेंगे।