पिथौरागढ़। जिले में स्वास्थ्य विभाग को नये 25 बांडधारी चिकित्सक मिल गए हैं। पूर्व में जिले में तैनात अधिकतर बांडधारी चिकित्सकों के पीजी कोर्स करने चले जाने से मरीजों को दिक्कत हो रही थी। नए चिकित्सकों की तैनाती के बाद स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग के महकमे में शासन से 25 नए बांडधारी एमबीबीएस (सामान्य) चिकित्सक मिल गए हैं। लंबे समय से ये मामला शासन में लंबित था। मंगलवार को 16 चिकित्सकों ने ज्वाइनिंग कर ली है, जबकि नौ चिकित्सक और आने हैं। गंगोलीहाट और कनालीछीना में पांच-पांच, डीडीहाट और बेड़ीनाग में तीन-तीन डॉक्टरों ने ज्वाइनिंग कर ली है। उम्मीद है कि ये बांडधारी चिकित्सक जिले के आठ ब्लॉकों में तीन साल तक अपनी सेवाएं देंगे। सीएमओ डॉ. एचसी ह्यांकी ने बताया कि शासन से 25 नए चिकित्सक मिले हैं, इससे जिले के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे पहले 31 चिकित्सकों के पीजी करने के लिए जाने से जिले के दूरदराज के अस्पताल डॉक्टर विहीन हो गए थे। इस कारण मरीजों के उपचार में दिक्कत आ रही थी। नए चिकित्सक मिलने से जिले के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।