पिथौरागढ़। बाट माप विभाग की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान सौ से अधिक दुकानों का निरीक्षण कर 31 व्यापारियों से जुर्माना वसूला गया। 10 मिठाई विक्रेताओं के यहां घटतौली मिलने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
वरिष्ठ निरीक्षक बाट माप शांति भंडारी ने बताया कि उनके द्वारा घटतौली, बगैर मुहर, अंकित मूल्य से अधिक वसूलने आदि का निरीक्षण किया गया। बताया कि छह स्वर्णकार, तीन सब्जी विक्रेता, दो गल्ला गोदाम, पांच पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर दो का नियम 24 के अंतर्गत चालान किया गया।
पांच किराना विक्रेता, दो सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता का चालान कर 22 हजार रुपये जुर्माना वसूला। उन्होंने बताया कि घटतौली और सामग्री में अंकित मूल्य से अधिक वसूलने पर कार्रवाई कर चालान किया जाएगा।