बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। सड़क निर्माण की मांग के लिए चार दिन से आमरण अनशन पर बैठे भैरवदत्त पाठक के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही है। स्वास्थ्य परीक्षण में उनके वजन में तीन किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
महरी धर्मशाला में हलियाडोब-दशौली-लछीमा-ओखरानी-नाचनी मार्ग संघर्ष समिति के बैनर तले निर्माणाधीन सड़क के शेष भाग की वित्तीय स्वीकृति की मांग को लेकर शुक्रवार को भी आंदोलन जारी रहा। इस बीच अनशनकारी के स्वास्थ्य में गिरावट आने पर चिकित्सक ने परीक्षण किया।
प्रशासन ने अनशनकारी को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। संघर्ष समिति के संयोजक देवीदत्त पाठक ने कहा कि शासन-प्रशासन ग्रामीण जनता की जायज मांग को अनदेखा कर रहे हैं। इस दौरान देवीदत्त पाठक, मुकेश राम, आनंद राम, मोहन पाठक, रेवाधर पाठक, बसंत बल्लभ पाठक, कमल पाठक आदि थे।