पिथौरागढ़। एलटी का परीक्षा केंद्र पिथौरागढ़ में न बनाए जाने से यहां के छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों में गुस्सा है। उन्होंने सरकार पर पिथौरागढ़ जिले की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
बाद में इस संबंध में सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। बता दें कि एलटी की परीक्षा 17 दिसंबर को होगी।
सरकार ने एलटी की परीक्षा के लिए अल्मोड़ा, हल्द्वानी, ऋषिकेश और हरिद्वार को परीक्षा केंद्र बनाया है। परीक्षा केंद्र में पिथौरागढ़ को शामिल नहीं किया गया है, जबकि यहां से एलटी की परीक्षा देने वाले सैकड़ों अभ्यर्थी हैं। कहा गया कि यहां के बेरोजगारों को परीक्षा देने के लिए अल्मोड़ा और हल्द्वानी जाना पड़ेगा।
छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र रावत ने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का खामियाजा बेरोजगारों को भोगना पड़ रहा है।
प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस नेता खीमराज जोशी, छात्रनेता त्रिलोक महर, वीरेंद्र कन्याल, सोनू सामंत, दीपक तिवारी, मुकेश पंत, भुवन जोशी, करन खाती, ऋषभ कल्पासी, नीरज मेहता, चेतन महर, अनिकेत रावत, जगदीश धामी समेत तमाम युवा और बेरोजगार शामिल हुए।