पिथौरागढ़। नकदी के संकट से जूझ रहे पिथौरागढ़ जिले के बैंकों और लोगों के लिए राहत की खबर है। पिथौरागढ़ जिले को रिजर्व बैंक से 47 करोड़ रुपये की राशि मिल गई है। इस राशि में सभी 100 और 200 के नोट हैं।
100 रुपये के नोट तो एटीएम मशीन में आसानी से फिट हो जाते हैं, लेकिन 200 रुपये के नए नोट को एटीएम में फिट करने में दिक्कत पेश आ रही है। 200 रुपये के नोट को एटीएम में फिट कराने के लिए बैंक कर्मचारियों को खुद ही जाना पड़ेगा।
बताया गया है कि अभी तक 500 और 2000 रुपये के नोट डालने से कैश लंबेे समय तक एटीएम में चल जाता था। अब छोटे नोट डालने से एटीएम में पैसा जल्दी समाप्त हो जाएगा। अलबत्ता बृहस्पतिवार को नगर के अधिकांश एटीएम संचालित होने लगे हैं।
बृहस्पतिवार को बेड़ीनाग, डीडीहाट और धारचूला के लिए भी कैश भेजा गया। स्टेट बैंक के रोकड़ अधिकारी कन्हैया लाल ने बताया कि स्टेट बैंक के सभी एटीएम में पर्याप्त मात्रा में कैश उपलब्ध है।