पिथौरागढ़। रोबिन किसान क्लब ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जाति के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था को शीघ्र समाप्त करने और आर्थिक आधार पर लोगों को आरक्षण देने की मांग की। इससे देश में समानता आएगी और देश को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
रोबिन किसान क्लब के अध्यक्ष अनिल चंद ने ज्ञापन में मांग की कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जाए, सरकारी कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति की उम्र 55 वर्ष तय की जाए, कर्मचारियों, अधिकारियों और नेताओं के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने की बाध्यता की जाए, निजी स्कूल शहरों के बजाय ग्रामीण अंचलों में खोले जाएं।
रोबिन किसान क्लब पिछले तीन साल से इस मुद्दे पर आवाज उठा रहा है और हर महीने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में जगदीश जोशी, जगदीश कन्याल, मोहन राम, मनी राम, राजेंद्र प्रसाद, सूरज धामी आदि थे।