डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट और मुनस्यारी ब्लॉकों के बीच बसे सीनी चामा ग्राम सभा में लगा बीएसएनएल का टावर 18 महीने बाद भी संचालित नहीं हो सका है। नेटवर्क नहीं आने से ग्रामीणों के मोबाइल शोपीस बनकर रह गए हैं।
सीनी के पूर्व सरपंच हिमांशु चुफाल ने बताया कि टावर को लगे डेढ़ साल का समय हो गया है लेकिन इसे आज तक संचालित नहीं किया गया है। कुछ समय पूर्व सामा के टावर से इस टावर को जोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह असफल रहा। टावर के काम नहीं करने से पूरे क्षेत्र के करीब 12 गांवों के लोग परेशान हैं। लोगों को घर से दूर ऊंची पहाड़ियों पर जाकर मोबाइल से बात करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस टावर का संचालन शुरू कर संचार सेवा का लाभ दिए जाने की मांग की है। संवाद