पिथौरागढ़। 14वीं वाहिनी आईटीबीपी ने सीमांत क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। बल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर मुनस्यारी में फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। मुनस्यारी बी और धारचूला ए के बीच खेला गया उद्घाटन मुकाबला 3-3 की बराबरी पर छूटा।
दोनों ही टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। 3-3 गोल की बराबरी के बाद मैच बेहद रोमांचक हो गया। दोनों ही टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गिरधर सिंह पांगती, विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी विवेक प्रकाश, वाहिनी के कमांडेंट अशोक कुमार टम्टा ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।