पिथौरागढ़ में निर्वाचन तैयारी की बैठक में मौजूद अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मतदाता सूची में 17 जनवरी के बाद किसी का नाम नहीं जुड़ेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारियों के साथ ही बूथ लेबल अफसर को 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले शत-प्रतिशत लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, नोडल और प्रभारी अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि प्रत्येक निर्वाचन अधिकारी कम से कम दो गांवों का भ्रमण कर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी और बूथ लेबल अफसरों को शत-प्रतिशत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने का प्रमाण पत्र गांवों से लाना होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मकर संक्रांति पर्व पर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पार्टी और प्रत्याशी होर्डिंग, बैनर, पैंफ्लेट, विज्ञापन का प्रकाशन बगैर अनुमति के नहीं करेंगे।
बगैर अनुमति वाहन से प्रचार किया तो सीज होगा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जो भी वाहन बगैर अनुमति के प्रचार करते पकड़े जाएंगे, उनको सीज कर निर्वाचन के काम में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने जरूरत के हिसाब से छोटे-बड़े वाहनों को अधिग्रहीत करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर चुनाव आयोग से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की मांग करने को कहा।