मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जौलजीबी से लेकर मुनस्यारी तक शराब की अवैध बिक्री को लेकर एनएसयूआई और छात्रसंघ मुखर हो गया है। एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में तहसील पहुंचे लोगों ने एसडीएम केएन गोस्वामी के माध्यम से डीएम और एसपी को ज्ञापन भेजे।
कहा कि क्षेत्र में हर तीसरे दिन अवैध शराब का वाहन आ रहा है। जौलजीबी क्षेत्र से भी अवैध शराब की खेप क्षेत्र में आ रही है। दानू ने आरोप लगाया कि यह सब पुलिस, प्रशासन, आबकारी महकमे के संरक्षण के कारण हो रहा है। कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो जनता को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष आन सिंह पंवार, विधायक प्रतिनिधि ईश्वर कोरंगा, दान सिंह बगरी, जिला पंचायत सदस्य कमलेश राम आदि थे।
शराब की अवैध बिक्री को लेकर धरना जारी
पिथौरागढ़। देवलथल क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री को लेकर जिपं सदस्य जगदीश कुमार के नेतृत्व में तीसरे दिन भी कई लोगों ने धरना दिया। जिपं सदस्य ने कहा कि आंदोलन शुरू करने के बाद पुलिस और आबकारी महकमे ने बुधवार को 23 पेटी शराब पकड़ी गई है। कहा कि पुलिस, आबकारी और राजस्व महकमा ईमानदारी से छापेमारी करे तो क्षेत्र से सैकड़ों पेटी अवैध शराब पकड़ी जा सकती है। कहा कि जब तक शराब की अवैध बिक्री पर अंकुश नहीं लगता है, आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, सपा नेता मदन सनयाल, जगदीश चंद्र जोशी, जगदीश प्रसाद, लक्ष्मण सिंह बोरा, निर्मल लोहिया, कुंडल महर, उक्रांद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा, चंद्रशेखर कापड़ी आदि बैठे।