यंग ब्वॉयज और स्ट्रग्लर ब्वॉयज ने जीत दर्ज की
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही स्व. प्रेम सिंह टोलिया मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता में यंग ब्वॉयज और स्ट्रग्लर ब्वॉयज की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है।
रविवार को पहला मुकाबला यंग ब्वॉयज और स्ट्रग्लर ब्वॉयज के बीच हुआ। पहले हाफ में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमें पहले हाफ तक कोई गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में स्ट्रग्लर ब्वॉयज के नवल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर अपनी टीम को 1-0 से जीत दिला दी।
पहला मुकाबला हारने के बाद यंग ब्वॉयज ने दूसरे मुकाबले में गणकोट फुटबाल क्लब को 3-1 से हराकर जीत दर्ज की। यंग ब्वॉयज की टीम के खिलाड़ी हिमांशु ने एक और बबलू ने दो गोल किए। गणकोट की टीम के खिलाड़ी हेमंत ने एक गोल किया। निर्णायक शुभम, लाइनमैन आशीष और मुकेश थे। मैचों को देखने के लिए भारी संख्या में खेलप्रेमी जुट रहे हैं।