नगरपालिका क्षेत्र की जमीन की श्रेणी बदली जाए
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। मालिकाना हक संघर्ष समिति की बैठक में नगर पालिका और उसके आसपास के क्षेत्रों में कई सालों से बने मकानों की भूमि पर मालिकाना हक देने की मांग की गई। कहा गया कि नगरपालिका क्षेत्र की जमीन की श्रेणी बदली जाए और हर मकान मालिक को उसकी जमीन का मालिकाना हक दिया जाए। अब संघर्ष समिति इस मामले को हर स्तर पर उठाने की तैयारी में है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कवींद्र साही ने कहा कि कई वर्षों से कब्जे वाली भूमि पर बने मकानों पर मालिकाना हक दिलाने के लिए नगर पालिका बोर्ड हमेशा सहयोग देगा। बैठक में प्रस्ताव पास कर नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले ऐसे मकानों की भूमि पर मालिकाना हक देने का पत्र नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा गया। सभी ने नगर पालिका अध्यक्ष से अपील की कि इस प्रस्ताव को नगर पालिका की बोर्ड बैठक में पास कर शासन को भेजा जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर पालिका क्षेत्र में पड़ने वाली भूमि की श्रेणी को बदलने के लिए विधायक विशन सिंह चुफाल के माध्यम से मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। यदि जमीन की श्रेणी बदली जाए तो मालिकाना हक दिलाने में आसानी होगी। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष मंटू बोरा ने आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।