पिथौरागढ़। सरकारी धन का दुरुपयोग किस कदर किया जाता है, यह पिथौरागढ़ तहसील के कोसेरी-सिलौनी सड़क पर हो रहे डामरीकरण के काम को देखकर लगाया जा सकता है। सड़क पर किया जा रहा डामर कुछ ही दिन में उखड़ने लगा है। घटिया निर्माण कार्य से क्षेत्र के लोग भड़क उठे हैं।
सिलौनी की प्रधान शिवांकी जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता किशोर जोशी, हरीश जोशी, जगत सिंह, नरेंद्र कुमार, सुभाष जोशी, शंकर राम कोहली, कमल किशोर, मनोज जोशी, प्रकाश बिष्ट आदि ने सोमवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी तुषार सैनी को सौंपा। इन लोगों ने आरोप लगाया है कि सड़क पर किया जा रहा डामर कुछ ही दिन में उखड़ गया है। रात 10 बजे बाद सड़क में डामरीकरण किया जा रहा है।
दीवार तोड़कर निकाले गए पत्थरों से सड़क में सोलिंग की जा रही है। बगैर सड़क की सफाई किए ही डामर बिछा दिया जा रहा है। कहा है कि घटिया गुणवत्ता के कारण डामरीकरण का लाभ इलाके के लोगों को नहीं मिल पाएगा। इन लोगों ने घटिया निर्माण कार्य की जांच और कार्यदायी संस्था, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा है कि जांच न होने पर आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम तुषार सैनी का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी।