गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। अस्कोट-कर्णप्रयाग नेशनल हाईवे में सोमवार को गणाईगंगोली का मुख्य बाजार गोनियागाड़ दो घंटे तक जाम में जकड़ा रहा। थानाध्यक्ष के निर्देश पर 10 किमी दूर सेराघाट चौकी से पहुंचे पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाया। जाम में फंसने से यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ा।
गोनियागाड में अनियंत्रित वाहनों की वजह से सुबह सवा दस बजे जाम लग गया। देखते ही देखते जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। यह मार्ग धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट को हल्द्वानी से जोड़ता है। मुनस्यारी, चौकोड़ी, पाताल भुवनेश्वर, हाट कालिका दरबार को इस रूट से भारी संख्या में सैलानी और दर्शनार्थी आवागमन करते हैं। जाम में फंसने से यात्री बेहाल हो गए। एक सप्ताह पहले बेड़ीनाग के थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत ने एक पुलिस कर्मी की ड्यूटी गोनियागाड़ में लगाई थी। लेकिन कुछ दिन से पुलिस कर्मी गोनियागाड़ में नहीं दिखा।
लोगों ने जाम लगने की सूचना थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत को दी। थानाध्यक्ष ने सेराघाट पुलिस चौकी से जाम खोलने के लिए पुलिस कर्मी भेजे। दोपहर 12.6 बजे जाम खुला। क्षेत्रीय लोगों व्यापारियों और टैक्सी यूनियन ने थानाध्यक्ष को पत्र भेज कर यातायात संचालन के लिए नियमित रूप से पुलिस कर्मी की तैनाती गोनियागाड़ में करने की मांग की है। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष महिपाल मेहता, राजकमल मेहता, दीपू डोबाल, संजय सिंह, महेश सिंह, गणेश सिंह ने कहा है कि रोज जाम लगने से वाहन फंस रहे है। उधर, थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत ने बताया मंगलवार को गोनियागाड़ में टैक्सी यूनियन और व्यापारियों की बैठक की जाएगी। जाम का समाधान निकाला जाएगा।