पिथौरागढ़। चुनावी सभा को संबोधित करने हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ आ रहे मुख्यमंत्री का विरोध करने हवाई पट्टी जा रहे निर्दलीय उम्मीदवार मनोज जोशी (एमएल) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद जोशी को छोड़ा गया। मनोज ने हवाई सेवा के नाम पर जनता को धोखे में रखने का आरोप लगाते हुए भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
पिथौरागढ़ नगरपालिका से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे मनोज जोशी सीएम के हेलीकॉप्टर से आने का विरोध करते हुए बुधवार सुबह नैनी सैनी हवाई पट्टी जाने वाली सड़क से गेट तक पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस के हाथ पांव फूल गए। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मनोज को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया।
मुख्यमंत्री के पूरे कार्यक्रम के दौरान वह हिरासत में रहे। पुलिस ने मुख्यमंत्री के अल्मोड़ा रवाना होने के बाद मनोज को हिरासत से छोड़ा। मनोज जोशी का कहना है कि हवाई पट्टी केवल नेताओं के काम आ रही है। आम जनता के लिए मानकों का हवाला दिया जा रहा है। वह इसके खिलाफ भूख हड़ताल और मौन व्रत रखेंगे।