पिथौरागढ़। आठ अक्तूबर 2018 को पिथौरागढ़ जिले के विकास के लिहाज से अहम दिन माना जा रहा था। इस दिन गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हरी झंडी दिखाकर देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा का शुभारंभ किया था। हवाई सेवा की शुरुआत को महज ट्रायल लैंडिंग बताने से प्रदेश सरकार बैकफुट में आ गई है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा का शुभारंभ किया गया था। आठ अक्तूबर को दोपहर 1.20 बजे 9 सीटर विमान पिथौरागढ़ के नैनीसैनी एयरपोर्ट पर उतरा था। इस विमान से नैनीताल सांसद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ.धन सिंह रावत पिथौरागढ़ पहुंचे थे।
यहां डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल और प्रशासनिक अधिकारियों ने इनका स्वागत किया था। नैनीसैनी हवाई पट्टी पर पत्रकारों से मुखातिब केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री टम्टा ने हवाई सेवा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा क्षेत्र की जनता को तोहफा बताया था। हवाई सेवा शुरू होने के लिए नैनीताल सांसद कोश्यारी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु का आभार जताया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा था कि भाजपा सरकार ने एक इतिहास रच दिया है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.रावत ने कहा था कि पिथौरागढ़ से देहरादून की दूरी काफी कम हो जाएगी।
हवाई सेवा के लिए नियत कंपनी हेरीटेज एविएशन के सीईओ रोहित माथुर ने कहा था कि नियमित सेवा शुरू होने के एक सप्ताह पूर्व टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी। बताया था कि 24 अक्तूबर को पहली फ्लाइट सुबह 8 बजे दून से पिथौरागढ़ के लिए रवाना होगी। 9.15 बजे विमान नैनीसैनी से पंतनगर के लिए उड़ान भरेगा और वापस पिथौरागढ़ लौट आएगा। इसके बाद विमान सुबह 11 बजे देहरादून के लिए उड़ान भरेगा। पिथौरागढ़ से देहरादून का किराया 1570 रुपये बताया गया था।