प्रदर्शन करती बिरमथल गांव की महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायत सत्यालगांव के बिरमथल के लोग 15 दिन से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी नहीं आने से नाराज महिलाओं ने बृहस्पतिवार को थल में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही पानी से महरूम होने के बावजूद महिलाओं ने थल के जलधारे की सफाई की।
बिरमथल निवासी मोतिमा देवी, किरण देवी, जीवंती देवी, ललिता देवी, मोहनी देवी, कमला देवी, नंदी देवी, कलावती देवी आदि ने थल कस्बे में पहुंचकर जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि बिरमथल में 15 दिन से पानी की सप्लाई नहीं हुई है। महिलाओं का कहना था कि मेन पाइप लाइन से जल संस्थान ने तीन योजनाओं का निर्माण कर डाला है। इस कारण बिरमथल में अक्सर पानी की किल्लत रहती है। लोगों को नदी से पानी ढोना पड़ रहा है।
महिलाओं का कहना था कि बार-बार आवाज उठाने के बाद भी जल संस्थान के अधिकारी पानी की सप्लाई सुचारु करने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कहा कि तीन दिन के भीतर पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस का कहना है कि योजना में पानी न चलने के कारणों का पता लगाया जाएगा और योजना में पानी चलाया जाएगा।