गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। भारतीय स्टेट बैंक में कैश की किल्लत से गणाईगंगोली वाले बेहद परेशान हो गए हैं। बृहस्पतिवार को 40 दिन बाद बैंक को चेस्ट ब्रांच बेड़ीनाग से मात्र आठ लाख रुपये का कैश मिला। इस कारण लोगों से दो से दस हजार रुपये ही मिल रहे हैं। कैश की कमी से लोगों में रोष है।
बृहस्पतिवार को बैंक का मुख्य गेट नकदी न होने से सुबह से ही बंद रहा। इसके बाद बैंक में ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि बैंक की टीम चेस्ट ब्रांच बेड़ीनाग कैश लेने गई है। कैश आने के बाद ही भुगतान हो पाएगा। दोपहर करीब 2 बजे बाद बैंक में चेस्ट ब्रांच से रकम आई। लोगों को दो से दस हजार का ही भुगतान हो पाया।
लोगों का कहना है कि जब उन लोगों को बैंक से अपनी ही रकम नहीं मिल पा रही है, तो बैंक में धन जमा करने का क्या फायदा। उधर, शाखा प्रबंधक बीएस शुक्ला का कहना है कि बृहस्पतिवार को ब्रांच को 40 दिन बाद चेस्ट ब्रांच से आठ लाख रुपये की रकम मिली है। इस कारण भुगतान में दिक्कत आ रही है।