पिथौरागढ़। डीएम सी रविशंकर ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ मूनाकोट विकासखंड के भटेड़ी गांव में आजीविका परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। गांव में बनाए गए 5 फेडरेशन 16 यूनिटों में 1500-1500 मुर्गियां हैं। फेडरेशन मुर्गियों को पिथौरागढ़ नगर में बेचते हैं। मुर्गी पालकों ने पंतनगर विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों से मुर्गीपालन का प्रशिक्षण हासिल किया है।
डीएम ने फेडरेशन के मुर्गी पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने की सराहना की। कहा कि इतने बड़े पैमाने में मुर्गीपालन अन्य लोगों को भी प्रेरणा देने का काम कर रहा है। डीएम ने मुर्गी पालकों की समस्याएं भी सुनी। मुर्गीपालकों ने लो-वोल्टेज की समस्या उठाई। एक अतिरिक्त पेयजल लाइन बनाने की मांग की। डीएम ने भ्रमण में मौजूद मुख्य विकास अधिकारी वंदना को लो-वोल्टेज की समस्या के निदान के लिए क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर लगाने और पानी के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान डीएम ने गांव में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी हासिल की। डीएम ने मनरेगा के कार्यों का चयन ग्राम पंचायत की खुली बैठक में करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कहा कि विकास कार्यों की जानकारी नहीं दी जाती है, डीएम ने इसी 17 दिसंबर को ग्राम पंचायत में खुली बैठक का आयोजन कर विकास कार्यों की जानकारी देने और विकास कार्यों का चयन करने के निर्देश मूनाकोट के खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी को दिए। कहा कि मनरेगा के कार्यों का मार्च तक सोशल आडिट करा लिया जाए। भ्रमण में कई अधिकारी शामिल थे।