पिथौरागढ़/मुनस्यारी। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ में सात अक्तूबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। कॉलेज के करीब 6300 छात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह नौ बजे से शुरू होगा और शाम को परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव के दिन कॉलेज में पुलिस बल मौजूद रहेगा।
प्राचार्य डा. डीएस पांगती और मुख्य चुनाव अधिकारी डा. अजय शुक्ल ने बृहस्पतिवार को व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मतदान में भाग लेने वाले हर विद्यार्थी को अपना परिचय पत्र साथ लाना होगा। कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूर्ण रोक रहेगी। मतदान के लिए कक्षों का निर्धारण कर दिया गया है और हर मतदान कक्ष में प्राध्यापकों की ड्यूटी लगा दी गई है। प्राचार्य ने छात्रों से अपील की है कि चुनाव शांतिपूर्वक कराने में सहयोग दें।
उधर, राजकीय महाविद्यालय मुनस्यारी में भी छात्रसंघ के लिए मतदान सात अक्तूबर को होगा। प्राचार्य डा. मंजुला चंद ने बताया कि चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के करीब 1000 छात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।