भूस्खलन के कारण खतरे की जद में आया बेड़ीनाग का सानीखेत गांव।
- फोटो : अमर उजाला
भूस्खलन से प्रभावित सानीखेत गांव के 12 परिवारों को डिग्री कॉलेज के पास स्थित अनुसूचित छात्रावास में शिफ्ट करने की प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इस समय यह छात्रावास खाली है। इसमें बिजली और पानी का इंतजाम किया जा रहा है। दो दिन बाद सभी 12 परिवार छात्रावास में रहने आ जाएंगे। सानीखेत गांव के पास शनिवार की रात भारी भूस्खलन हुआ। इससे गांव के 12 परिवार खतरे की जद में आ गए हैं। इस गांव में पहले 14 परिवार रहते थे लेकिन दो परिवार पांच साल पहले गांव छोड़कर तराई में बस गए।
इस समय गांव में माधव राम, ललिता प्रसाद, मोहन राम, दरपान राम, सुंदर राम, शंकर लाल, राजन राम, दीवानी राम, बालकृष्ण, आनंद प्रकाश, गोपाल राम, द्रोपदी देवली के परिजन रहते हैं। सभी परिवारों के लिए अब गंभीर खतरा हो गया है। एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर गांव के 12 परिवारों को शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों का जीवन बचाने के लिए सभी ऐहतियाती कदम उठा रहा है। भूस्खलन की रोकथाम के लिए मानसून बीतने के बाद चेकडैम बनाने का काम किया जाएगा।