पिथौरागढ़। सीमांत जिले में ईंधन की समस्या बनी है। लोगों को कतार में लगकर वाहनों में ईंधन भराना पड़ रहा है। मंगलवार को जैसे ही टैंकरों से पंपों में ईंधन पहुंचा, वाहनों की कतार लग गई।
पिथौरागढ़ जिले में दीपावली से पेट्रोल और डीजल की किल्लत बनी है। एक-दो दिन तक हालात सामान्य होने के बाद फिर समस्या पैदा हो रही है। सोमवार को अधिकतर पंपों पर नो पेट्रोल के बोर्ड लगने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
मंगलवार को हल्द्वानी से जैसे ही टैंकरों में ईंधन पहुंचा, वाहन चालक पंपों की ओर दौड़ पड़े। नगर के मुख्य पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। पेट्रोल भराने के लिए सबसे अधिक संख्या दोपहिया वाहनों की रही। कई लोग केन और प्लास्टिक की बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल ले गए।