नाचनी (पिथौरागढ़)। सड़क कटिंग में सुरक्षा का ध्यान न रखने से कोट्यूड़ा गांव भूस्खलन की चपेट में आ गया है। भूस्खलन से एक मकान को क्षति पहुंची है। 11 मकानों के लिए खतरा पैदा हो गया है।
मंगलवार तड़के करीब दो बजे कोट्यूड़ा गांव में भूस्खलन से पुष्कर सिंह पुत्र धरम सिंह के मकान की छत को आंशिक क्षति पहुंची है। मकान में मलबा घुस गया। भूस्खलन से गांव के मनोहर सिंह, गोविंद सिंह, भरत सिंह, गंगा सिंह, राजेंद्र सिंह, खड़क सिंह, किशन सिंह, हयात सिंह, कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, कवींद्र सिंह के मकान खतरे की जद में आ गए हैं।
गांव के लोगों का आरोप है कि हुपली-सुंदरीनाग सड़क निर्माण के कारण उनका गांव खतरे के दायरे में आया है। विभाग ने सड़क तो काट दी, लेकिन सुरक्षा उपायों को दरकिनार कर दिया। मकानों की सुरक्षा के लिए दीवार तक नहीं लगाई गई। इस कारण सड़क के ऊपरी हिस्से पर भूस्खलन हो रहा है, जो खतरे का कारण बन गया है।
वहीं, गांव के लोगों की सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक मनोज कुमार ने मंगलवार को हालात का जायजा लिया। राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा रही है। लोनिवि को सड़क पर सुरक्षा दीवार लगाने के लिए लिखा जा रहा है। गांव के लोगों ने आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देकर गांव की सुरक्षा के उपाय करने की मांग की है।