पिथौरागढ़। होली पर्व पर प्रदेश भर में 660 लोगों को आपातकालीन एंबुलेंस सेवा 108 से मदद पहुंचाई गई। होली के दौरान सबसे अधिक सड़क हादसे हुए। इस दिन 108 में प्रदेश भर से सड़क हादसों के 105 मामले दर्ज किए गए। पिथौरागढ़ जिले में गिरकर घायल और पेटदर्द के सबसे अधिक मामले आए।
108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा ने बताया कि होली के दिन प्रसव संबंधित 133, हृदय रोग संबंधित 17 और अन्य स्वास्थ्य संबंधी 405 मामले थे। इसके अलावा पुलिस से संबंधित 272 मामले भी मिले, जिन्हें पुलिस कंट्रोल रूम को हस्तांतरित किया गया।
होली के दिन पिथौरागढ़ जिले में 108 एंबुलेंसों से 44 मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें सबसे अधिक मामले गिरकर घायल होने और पेट दर्द के थे। जिले के 108 प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि गणाई में गिरने से घायल हुए व्यक्ति को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। गंगोलीहाट में पेट दर्द के चार मामले आए। थल में एक घायल और एक घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। बेड़ीनाग में एक प्रसव संबंधी सहित कुल दो मामले आए, मूनाकोट में एक मामला खून की उल्टी का जबकि दो मामले पेट दर्द के थे। पिथौरागढ़ में दो अलग-अलग एंबुलेंस में आठ मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा मुनस्यारी में दो, धारचूला में दो, इग्यादेवी में दो, डीडीहाट में दो, कनालीछीना में एक जबकि मड़मानले में चार मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें ती मरीज गिरकर घायल हुए थे जबकि एक मामला पेटदर्द का आया। तेजम में दो मामले गिरकर घायल होने और तीन मामले पेट दर्द के थे। इसके अलावा मदकोट और दो अन्य एंबुलेंसों में भी छह मामले आए।