आपदा पीड़ितों के लिए आ रही राहत सामग्री में खेल करने वालों पर लोक गायक प्रीतम भरतवाण के ‘सभी लग्यां जुगाड़ मा, जनता जाऊ भाड़ मा’ गीत की पंक्तियां सटीक बैठती हैं।
देखें, उत्तराखंड आपदा की विशेष कवरेज
पीड़ितों की मदद के लिए भले ही देशभर से लोग आगे आ रहे हैं लेकिन स्थानीय स्तर पर राहत सामग्री के प्रबंधन में लगे कई लोग इस पर डाका डाल रहे हैं। बावजूद पुलिस, प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई से बच रहा है।
जून माह की आपदा से अलग-थलग पड़े गावों के ग्रामीणों की मदद के लिए देशभर से राहत सामग्री पहुंचने का सिलसिला जारी है। यह सामग्री वास्तविक प्रभावितों तक नहीं पहुंच पा रही है। जिला मुख्यालय, आसपास के क्षेत्रों में राहत वितरण प्रबंधन में लगे कई लोग अपने घर भरने में जुटे हैं। पुलिस प्रशासन यदि अभियान चलाए तो क्षेत्र के कई घरों से हड़पकर जमा की गई राहत सामग्री के ढेर बरामद हो सकते हैं।
सामग्री रास्ते से ही चोरी हो गई
रविवार को नई दिल्ली के ठाकुरद्वारा ट्रस्ट द्वारा भेजी गई राहत सामग्री के ट्रकों में से 138 तिरपाल व अन्य सामग्री रास्ते से ही चोरी हो गई। ट्रस्ट की रिपोर्ट पर पुलिस ने बड़ेथी चुंगी, भटवाड़ी रोड की दुकान से 32 तिरपाल तो बरामद कर लिए लेकिन किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की तफ्तीश कर रहे एसएसआई बीएस चौहान ने बताया कि मामले में भाजपा नेता का नाम सामने आ रहा है। पड़ताल कर जल्द इस मामले का खुलासा किया जाएगा। अभी तक कोई गिरफ्तारी न होने पर उन्होंने चुप्पी साध ली।
हम लोग दिल्ली से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सामान लेकर आए हैं। पीड़ितों के हिस्से की राहत सामग्री चोरी करना किसी को शोभा नहीं देता। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर भी अभी तक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई न होना हैरान करने वाला है।
- अशोक कपूर, ट्रस्टी ठाकुरद्वारा ट्रस्ट दिल्ली
खबर पर राय देने के लिए क्लिक करें