पौड़ी-श्रीनगर रोड इस तरह बारिश के पानी से लबालब आई नजर।
- फोटो : PAURI
15 मिनट की झमाझम बारिश में ही शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गई। सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे बारिश शुरू हुई। यहां 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई और इस दौरान शहर की सड़कें पानी से लबालब भर गईं। ऐसे में वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। हालांकि मौसम के इस बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
सोमवार को दोपहर में हुई बारिश से पौड़ी-श्रीनगर, बस स्टेशन, माल रोड, कोटद्वार रोड आदि स्थानों पर जलभराव हो गया। इस दौरान व्यापारियों, वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता नमन चंदोला ने कहा कि शहर में सीवरेज व बारिश के पानी की निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से शहरवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन व जिला प्रशासन से जल्द ही शहरवासियों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग उठाई। वहीं ईओ प्रदीप बिष्ट ने कहा कि बारिश के पानी से सड़क पर आए मलबे को पालिका प्रशासन की टीम ने साफ कर लिया है।