पौड़ी। जिला कारागार खांड्यूसैंण के पास बृहस्पतिवार को दो गुलदार दिखाई दिए। इससे ग्रामीणों के साथ ही जिला कारागार के सुरक्षाकर्मियों में दहशत का माहौल है। एक साथ दो गुलदारों की चहल-कदमी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसके अलावा दो दिन पहले खोलाचौंरी में भी एक गुलदार की धमक देखने को मिली थी।
जिला मुख्यालय पौड़ी से करीब तीन किमी दूर जिला कारागार के पास खांड्यूसैंण में बीते बुधवार शाम को दो गुलदार नजर आए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इनमें एक गुलदार जेल की सुरक्षा दीवार पर खड़ा दिख रहा है जबकि दूसरा सुरक्षा दीवार से कूदता हुआ झाड़ियों की ओर जाता दिख रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से गुलदार से निजात दिलाने की मांग की। वहीं जिला कारागार खांड्यूसैंण के जेलर डीपी सिन्हा ने बताया कि गुलदार दिखने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। वहीं नागदेव रेंज के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन नेगी ने कहा कि गुलदार दिखने की कोई शिकायत नहीं मिली है। संवाद