पौड़ी। मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में रविवार को रुक रुककर हो रही बारिश से कोट ब्लॉक के 10 से 12 गांवों में दिनभर बिजली गुल रही। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने ऊर्जा निगम से क्षेत्र के लिए नई लाइन बिछाने की मांग की।
ब्लॉक के बकरोड़ा गांव निवासी हेमंत चौहान ने बताया कि हल्की बारिश होने पर भी ब्लॉक के कुंडी, बकरोड़ा, ढुंगली, गडेरा, रीई, धारी समेत 60 से 70 गांवों में आपूर्ति ठप हो जा रही है। इस संबंध में ऊर्जा निगम व जिला प्रशासन को बताया गया लेकिन समस्या नहीं सुलझी। अब तो अफसर फोन तक नहीं उठा रहे हैं। बताया कि ब्लॉक के इन 60 से 70 गांवों के लिए बागी सब स्टेशन से सिंगल लाइन से बिजली आपूर्ति होती है जो डांडा नागराजा, सबदरखाल व बनगढ़स्यूं क्षेत्रों के लिए बंट जाती है। ऐसे में एक जगह पर फाॅल्ट आने के बाद बागी सब स्टेशन से शटडाउन लिया जाता है और तीनों क्षेत्रों के सभी गांवों की आपूर्ति ठप हो जाती है। उन्होंने ऊर्जा निगम से शीघ्र नई लाइन बिछाने की मांग की। संवाद