श्रीनगर में तहसील दिवस के मौके पर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखते फरियादी
- फोटो : SHRINAGAR
जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. विजय जोगदंडे की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस मेें कलियासौड़ क्षेत्र की जनता ने नगर निगम श्रीनगर में सम्मिलित किए जाने का विरोध किया।
मंगलवार को तहसील सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमेें 31 शिकायतें दर्ज हुईं। लगभग 10 शिकायतों पर संयुक्त जांच कमेटी गठन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। डीएम ने तहसील दिवस में उपस्थित न होने पर खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में रेलवे संबंधी शिकायतें प्रमुखता से उठीं। जनासू और डुंगरीपंत के ग्रामीणों ने अधिगृहीत जमीन का मुआवजा न मिलने का मुद्दा उठाया। डुंगरीपंत के लोगों ने रेल परियोजना प्रभावित क्षेत्र में पेयजल, संपर्क मार्ग और सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। बीडीओ खिर्सू ने बताया कि ग्रामीण निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं। जबकि इसके लिए रेलवे की ओर से सवा तीन करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
ग्राम प्रधान कलियासौड़ ने कहा कि उनके क्षेत्र की जनता प्रस्तावित नगर निगम में शामिल होने पर सहमत नहीं है। यदि नगर निगम में शामिल किया गया तो विरोध किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य कैलाश चंद्र ने शिकायत की डुंगरीपंत-खेड़ाखाल मोटर मार्ग का पांच साल में दो बार डामरीकरण हो गया है लेकिन सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। नपा सभासद सूरज ने नगर पालिका के डंपिग ग्राउंड में फैली गंदगी के निदान की मांग की। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट ने कहा कि कई लोग कूड़ादान या कूड़ा वाहन में कूड़ा डालने के बजाय घर के अंदर से फेंक देते हैं। ऐसे लोगों का चालान किया जाए। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति की समस्या से भी अवगत कराया।
तहसील दिवस पर सीडीओ प्रशांत आर्य, डीएफओ मुकेश कुमार शर्मा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश व सहायक समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल आदि उपस्थित थे।