कुपवाड़ा। हथियारों की तस्करी के मामले के खुलासे के बाद कुपवाड़ा सेक्टर के साथ-साथ नौगाम, तंगधार, केरन, गुरेज और करनाह सेक्टर में चौकसी बढ़ा दी गई है। जिले में इस साल अब तक घुसपैठ की 10 कोशिशें हुई हैं, जिनमें से आठ को नाकाम कर दिया गया है। इसके अलावा नौगाम सेक्टर में तीन बार कोशिशें हुईं और दो बार आतंकी मुंह की खाकर भाग गए। एक कोशिश को नाकाम कर दो आतंकियों को मार गिराया भी गया।
सूत्रों के मुताबिक नौगाम सेक्टर से पाकिस्तानी गोलाबारी की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इस साल अब तक उसके करीब 30 सैनिक मारे जा चुके हैं। वहीं घुसपैठ में लगातार नाकाम हो रहे पाकिस्तान में बैठे आतंकी आकाओं ने घाटी में आतंकी कमांडरों को स्थानीय युवाओं को सक्रिय करने के निर्देश जारी किए हैं।