देवप्रयाग। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधीन कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों के आंदोलन को अब चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत का समर्थन मिला है। चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के उपाध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल ने स्पष्ट किया यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो वे बिना किसी शर्त अनशन पर बैठ जाएंगे।
कृष्णकांत कोटियाल ने कहा कि मंदिर समिति के अधीन कार्यरत अस्थायी कर्मचारी पिछले 15 से 20 वर्षों से बदरीनाथ, केदारनाथ सहित समिति के अधीनस्थ अन्य मंदिरों में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनके नियमितीकरण और उचित वेतन संबंधी मांगें अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं। उन्होंने मंदिर समिति प्रशासन और प्रदेश सरकार से हठधर्मिता छोड़कर तत्काल प्रभाव से निर्णय लेने की मांग की। संवाद