पौड़ी जिले के जीआईसी शंकरपुर में स्टाफ की बैठक लेते सीईओ डा. आनंद भारद्वाज।
- फोटो : PAURI
ब्लाक रिखणीखाल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज सिद्धखाल चुरानी की प्रभारी प्रधानाचार्य नीलम सैनी के व्यवहार को लेकर समस्त विद्यालय स्टाफ ने असंतोष जताया। मुख्य शिक्षा अधिकारी डा. आनंद भारद्वाज ने शिकायत के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्रधानाचार्य के पद से हटा दिया है। सीईओ भारद्वाज ने प्रवक्ता भौतिक विज्ञान रीना रावत को विद्यालय का नया प्रभारी प्रधानाचार्य नियुक्त किया है। सीईओ ने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी प्रधानाचार्य के पास शिक्षण कार्य का दायित्व भी यथावत ही रहेगा।
बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी डा. आनंद भारद्वाज ने तीन ब्लाक रिखणीखाल, बीरोंखाल व नैनीडांडा के नौ विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन उत्तम पाया गया। इसके अलावा मध्याह्न भोजन की व्यवस्था भी सही मिली। राउप्रावि बीरोंखाल में रंगरोगन, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब व टीएलएम उत्कृष्ट श्रेणी का पाया गया। सीईओ ने बताया कि रिखणीखाल ब्लाक में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज सिद्धखाल चुरानी व आदर्श इंटर कालेज रिखणीखाल का निरीक्षण भी किया गया। विद्यालयों में शिक्षण कार्य गुणवत्तापरक पाया गया। कहा कि विद्यालय परिसर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए।