स्मैक तस्करी के मामले में वांछित चल रहे ट्रक ड्राइवर को उसके साथी के साथ पुलिस ने 48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। दोनों से आठ ग्राम स्मैक भी बरामद हुई है। आरोपी देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने गत 16 अगस्त की रात को खाद्यान्न गोदाम धोबीघाट के समीप स्थानीय युवक आशीष रावत को स्मैक रखने के जुर्म में गिरफ्तार किया था। आशीष ने पुलिस को बताया था कि वह ट्रक ड्राइवर एहसान से स्मैक खरीदता है, जिस पर पुलिस ने एहसान के खिलाफ भी केस दर्ज किया था। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति देहरादून से श्रीनगर और चौरास क्षेत्र में स्मैक बेचने के लिए आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसको पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी एसडी नौटियाल ने बताया कि कीर्तिनगर पुल के समीप दो संदिग्ध दिखाई दिए। तलाशी के दौरान दोनों से स्मैक मिल गई। पूछताछ मेें आरोपियों ने अपना नाम एहसान और नौशाद अली निवासी वार्ड न. 5, ढकरानी कॉलोनी विकासनगर (देहरादून) बताया। नौटियाल ने बताया कि एहसान 16 अगस्त को दर्ज एनडीपीएस एक्ट का वांछित आरोपी है। एहसान से 5.5 ग्राम व नौशाद से ढाई ग्राम स्मैक बरामद हुई है।