रविवार को शारदानाथ घाट के समीप अलकनंदा नदी में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला।
रविवार दिन मेें एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के कर्मचारी टम्टा मोहल्ला निवासी ओम प्रकाश का बेटा अभिषेक (7) अपने दोस्तों के साथ शारदानाथ घाट की ओर गया था। खेल-खेल में वह अलकनंदा नदी में चला गया। इसी दौरान वह दलदल में फंस गया और पानी में डूब गया। बच्चे को पानी में डूबता देख आसपास के लोग हल्ला मचाते हुए मदद के लिए दौड़े। इसी बीच पुलिस को भी सूचना दी गई।
एसडीआरएफ की इंस्पेक्टर मंजरी नेगी ने बताया कि लोगों की ओर से बताए गए स्थान पर गोताखोर उतारे गए। खोज-बचाव के दौरान बच्चा पानी की तलहटी में मिल गया। उसको नदी से निकाल कर पेट से मौजूद पानी को बाहर निकालने के बाद राजकीय उप जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसको बेस अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।