शिक्षा विभाग में बीएड की फर्जी अंक तालिका व प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी पाने वाले सहायक अध्यापक की सेवा समाप्त हो गई है। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा महावीर बिष्ट ने बताया कि जीआईसी सौंराखाल के सहायक अध्यापक प्रमाणपत्र एसआईटी जांच में फर्जी पाए गए हैं।
जनपद रुद्रप्रयाग के जीआईसी सौंराखाल में नवंबर 2007 में सहायक अध्यापक (सामान्य) भवानी लाल निवासी उच्छोला, जखोली, रुद्रप्रयाग की नियुक्ति हुई थी। जून 2020 में एसआईटी की जांच में भवानी लाल के बीएड की अंक तालिका व प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। नवंबर 2020 में बीईओ जखोली ने थाना रुद्रप्रयाग में शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस बीच अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने शिक्षक को निलंबित कर दिया था। विभाग के अनुसार आरोपी शिक्षक अपने पक्ष में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाया। अपर निदेशक महावीर बिष्ट ने बताया कि शिक्षक की सेवा समाप्त कर दी गई है। शिक्षक को पक्ष रखने के लिए समुचित अवसर दिए गए, लेकिन वे कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाया।