जिले के चोरकंडी गांव का दोहरा हत्याकांड रेगुलर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। एसएसपी ने मामले की जांच कोतवाल पौड़ी को सौंप दी है। कहा कि मामले का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।
जिले के खातस्यूं पट्टी स्थित चोरकंडी गांव के एक रसोईघर में विगत 23 जुलाई को दो दोस्तों के अधजले शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। दो दोस्तों की हत्या के आरोप में राजस्व पुलिस ने 24 जुलाई को तीसरे दोस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। इस बीच मृतक रुप सिंह व धीरज सिंह के परिजन मामले की जांच लगातार रेगुलर पुलिस को सौंपे जाने की मांग उठाई। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। डीएम ने मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने के आदेश दिए। एसएसपी पौड़ी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि चोरकंडी गांव के दोहरे हत्याकांड की जांच रेगुलर पुलिस को मिल गई है। उन्होंने बताया कि कोतवाल पौड़ी लक्ष्मण सिंह कठैत को जांच अधिकारी बनाया गया है। कहा कि मामले का खुलासा जल्द ही कर लिया जाएगा।