एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
श्रीनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने सीयूईटी को रद्द किए जाने व विवि की अपनी प्रवेश परीक्षा कराए जाने के मामले में विवि द्वारा अभी तक ठोस निर्णय न लिए जाने के विरोध में कुलसचिव का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि विवि ने उक्त मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो उन्हें उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन स्थित कुलसचिव कार्यालय में पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद श्रीनगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने परिषद के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य संदीप राणा के नेतृत्व में सीयूईटी से छात्रों को हो रही दिक्कतों के बारे में बताया। कहा कि परिषद कार्यकर्ताओं ने मांग को लेकर पूर्व में 23 दिन का आंदोलन किया था। जिसके बाद विवि ने उन्होंने अपनी प्रवेश परीक्षा कराए जाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि अब विवि अपने आश्वासन से मुकर रहा है।
कुलसचिव डाॅ. धीरज शर्मा ने कहा कि 20 जनवरी को विवि की प्रवेश समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें उक्त बिंदुओं पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। घेराव करने वालों में प्रदेश सहमंत्री अमन पंत, जसवंत राणा, महिपाल बिष्ट, हिमांशु भंडारी, एकता बिष्ट, अंकिता, आयुष कंडारी, अक्षितेष नैथानी, पवन, पीयूष नौटियाल, अमन रावत, तुषार शाह, साहिल, नितेश, अर्जुन शामिल थे।