भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना
- फोटो : फाइल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि चीन हो या पाकिस्तान, इन देशों की हर हिमाकत का भारत करारा जवाब देगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा की मेगा वर्चुअल रैली युवा संवाद का रविवार को भाजपा मुख्यालय में उद्घाटन करते हुए रवींद्र रैना ने यह बात कही।
रवींद्र रैना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में बैठी सरकार व देश की सेना पूरी तरह से सक्षम हैं। उन्होंने भाजयुमो के युवा संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी के अस्तित्व के लिए जन संपर्क बेहद आवश्यक है। भाजपा की तरह भाजयुमो ने भी कोरोना काल में लोगों की मदद की है।
उन्होंने कहा कि राशन, मास्क, सेनेटाइजर्स को जरूरतमंद लोगों में वितरित किया गया है। समाज व राष्ट्र हित में इस मुश्किल समय में भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रक्तदान अभियान चलाया और 1500 यूनिट से ज्यादा रक्त का महादान किया ताकि जरूरतमंद मरीजों को अस्पतालों में रक्त उपलब्ध हो सके ।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अरुण देव सिंह ने कहा कि कोरोना काल में सरकारी निर्देशावली व सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करते हुए वर्चुअल रैली का आयोजन किया गया है। रैली के माध्यम से युवाओं को मोदी सरकार की तरफ से लिए गए अहम फैसलों जिसमें अनुच्छेद 370 हटाना, नागरिकता संशोधन अधिनियम, श्री राम मंदिर पर फैसला, एसआरओ 202 को हटाने जैसे फैसलों बारे बताया जा रहा है।
इस अवसर पर महासचिव कपिल चिब, अनुज भारती, युवा मोर्चा प्रभारी अजय परगाल आदि भी मौजूद रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत के समय गलवां घाटी में शहीद हुए भारतीय जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं एक अन्य कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके 67वें बलिदान दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुखर्जी का बलिदान दिवस 23 जून को है।