कहा, सैर सपाटा करने वाले मंदिर पहुंचकर फैलाएंगे अव्यवस्था
विरोध के बाद भी सड़क बनाई तो न्यायालय की शरण जाने का एलान
श्रीनगर। शक्तिपीठ धारी देवी मंदिर पुजारी न्यास ने मंदिर को सड़क से जोड़ने का विरोध किया है। न्यास का कहना है कि सड़क से मंदिर तक पहुंच आसान होने से यहां सैर सपाटा करने वाले आसानी से पहुंचकर अव्यवस्था पैदा कर आस्था को ठेस पहुंचाएंगे। वहीं कई लोगों का व्यवसाय बंद होने से उनके समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने विरोध के बाद भी सड़क निर्माण किए जाने पर न्यायालय की शरण में जाने का एलान किया है।
बुधवार को पुजारी न्यास के अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद पांडेय की ओर से जारी एक वीडियो में कहा गया है कि उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से सूचना मिली कि धारी देवी मंदिर को सड़क से जोड़ा जा रहा है। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना की जीवीके कंपनी ने धारी देवी मंदिर तक निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाया था। कंपनी ने कहा था कि काम पूरा होने के बाद मार्ग को तोड़ा दिया जाएगा, लेकिन कंपनी ने ऐसा नहीं किया।
कहा कि केदारनाथ जाने के लिए श्रद्धालुओं को 18 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि धारी देवी मंदिर मुख्य सड़क से मात्र 300 मीटर की दूरी पर है। मंदिर को सड़क से जोड़ने के लिए न्यास की सलाह नहीं ली गई है। रोड की यहां आवश्यकता नहीं है। अभी यहां पर काफी अव्यवस्थाएं हैं। रोड बनने से अव्यवस्थाएं पैदा होंगी। पुजारी न्यास ने प्रस्ताव पारित कर मंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है। साथ ही उन्होंने विरोध के बाद भी सड़क निर्माण किए जाने पर कोर्ट जाने का एलान किया है।
-सड़क से धारी देवी व नदी तट मौजमस्ती का अड्डा बन जाएगा। साथ ही अव्यवस्था फैल जाएगी। भीड़ लगने से व्यवस्था बनाना मुश्किल हो जाएगा। -सच्चिदानंद पांडेय, न्यास के पूर्व अध्यक्ष।
मंदिर तक जाने वाला वैकल्पिक मार्ग नगर निगम श्रीनगर के क्षेत्र में पड़ता है। नगर निगम ने मार्ग के निर्माण और डामरीकरण की योजना बनाई थी। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए गए थे। अगर लोग नहीं चाह रहे हैं, तो फिर विचार किया जाएगा। -रविराज बंगारी, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम श्रीनगर।