पौड़ी। जिला प्रशासन की पहल पर मत्स्य विभाग पौड़ी की ओर से 23 अक्तूबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय फिश एंगलिंग फेस्टिवल की तैयारियां शुरू कर ली गई हैं। फेस्टिवल में नयार नदी घाटी व व्यास घाटी में देश के विभिन्न राज्यों से एंगलर जुटेंगे। इसका उद्देश्य इस क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर विकसित करना है। डीएम डाॅ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को फेस्टिवल के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी को आयोजन का प्रभारी बनाया गया है।
डीएम कार्यालय पौड़ी में आयोजित बैठक में नयार नदी पर व्यास घाट में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय फिश एंगलिंग फेस्टिवल को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बताया गया कि एंग्लिंग राफ्टिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स, ट्रेकिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा आरती, हॉट एयर बलून सहित स्थानीय उत्पादों के आउटलेट लगाए जाने सहित अनेक गतिविधियां महोत्सव में शामिल रहेंगी।
डीएम डाॅ. आशीष चौहान ने कहा कि नयार नदी घाटी व इसके मुख्य पड़ाव व्यास घाट क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जिसे इस फेस्टिवल के माध्यम से उकेरने का अभिनव प्रयास किया जा रहा है। इससे नयार नदी घाटी क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। कहा यह स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर भी विकसित करेगा।
डीएम ने कहा कि फेस्टिवल में देवप्रयाग से व्यास घाट तक की गंगा पथ यात्रा को ट्रेकिंग इवेंट में शामिल किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर विद्युत, पेयजल, शौचालय सहित साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए। फेस्टिवल को आकर्षक बनाने के लिए एंग्लिंग के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों के आउटलेट व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इस मौके पर सीडीओ गिरीश गुणवंत, सीटीओ गिरीश चंद्र, पीडी विवेक उपाध्याय, डीडीओ मनविंदर कौर, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, डीएसटीओ राम सलोने, बीडीओ यमकेश्वर दृष्टि आनन्द आदि मौजूद रहे।